IPL 2025 Captains List: आईपीएल 2025 के लिए सभी टीमों का स्क्वाड तैयार हो चुका है और अगला सीजन 14 मार्च से शुरू होकर 25 मई को समाप्त होगा। चूंकि इस बार मेगा ऑक्शन में कुल 577 खिलाड़ियों पर बोली लगी थी, इसलिए काफी टीमों का स्क्वाड पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा। मगर एक बड़ा सवाल है कि टीमों की कप्तानी कौन-कौन से खिलाड़ी कर सकते हैं। तो आइए जानते हैं कि आईपीएल 2025 में कौन से 10 खिलाड़ियों को कप्तानी का भार सौंपा जा सकता है?

1. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) - ऋतुराज गायकवाड़

एमएस धोनी ने सीजन 2024 शुरू होने से पहले ही चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ दी थी। ऐसे में ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तानी सौंपी गई, जो अपने अंडर टीम को प्लेऑफ तक ले जाने से चूक गए थे। गायकवाड़ ने व्यक्तिगत तौर पर पिछले दोनों सीजन में 550 से भी अधिक रन बनाए हैं और साथ ही कप्तानी में भी परिपक्वता दिखाई थी। संभवतः CSK मैनेजमेंट गायकवाड़ के अंडर भविष्य के लिए एक मजबूत टीम बनाने की नींव रखना चाहता है।

2. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) - वेंकटेश अय्यर

IPL 2024 की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स में कप्तानी के कई विकल्प मौजूद हैं। एक तरफ रिंकू सिंह हैं, वहीं अजिंक्य रहाणे और वेंकटेश अय्यर को भी टीम की कमान सौंपे जाने की अटकलें हैं। अय्यर जिन्हें केकेआर ने 23.75 करोड़ रुपये में खरीदा था और वो खुद कह चुके हैं कि लीडरशिप मिलने पर उन्हें बहुत खुशी मिलेगी। बताते चलें कि वेंकटेश अय्यर पहले कोलकाता के उपकप्तान होने के अलावा कुछ मैचों में कप्तानी भी कर चुके हैं।

3. गुजरात जायंट्स (GT) - शुभमन गिल

गुजरात जायंट्स का भार पिछले सीजन शुभमन गिल ने संभाला था, लेकिन पॉइंट्स टेबल में टीम को आठवें स्थान से संतोष करना पड़ा था। गिल व्यक्तिगत तौर पर बहुत प्रभावी रहे हैं और अब आईपीएल 2025 में भी गुजरात की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। इस बार उन्हें जोस बटलर, राशिद खान और ईशांत शर्मा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों का साथ मिल रहा होगा। उनके साथ से गिल इस बार गुजरात को प्लेऑफ या फिर फाइनल तक भी ले जा सकते हैं।

4. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) - विराट कोहली

फाफ डु प्लेसिस के जाने से रॉयल चैलेंजर्स के पास विराट कोहली ही कप्तानी का एकमात्र विकल्प बचे हैं। टीम में फिल साल्ट, भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पांड्या जैसे नामी खिलाड़ी शामिल हैं, लेकिन कोहली को कप्तानी मिलने की अटकलें जोर पकड़ती जा रही हैं। कोहली ने इससे पूर्व 2011-2022 तक आरसीबी की कप्तानी संभाली थी और उनके अंडर टीम का जीत प्रतिशत 46.15 रहा था। बेंगलुरु ने इस बार कोहली को 21 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।

5. सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) - पैट कमिंस

वो पैट कमिंस ही थे, जिनकी कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2024 में फाइनल तक का सफर तय किया था, मगर फाइनल में उसे KKR के हाथों 8 विकेट से हार मिली थी। SRH ने कमिंस को 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में कद और कप्तानी के अनुभव को देखते हुए 2025 में भी हैदराबाद टीम की कमान कमिंस ही संभालेंगे। इस बार उन्हें गेंदबाजी में मोहम्मद शमी और हर्षल पटेल का भी साथ मिल रहा होगा।

6. मुंबई इंडियंस (MI) - हार्दिक पांड्या

जब मुंबई इंडियंस ने नीलामी से पूर्व अपनी रिटेंशन लिस्ट जारी की, तभी एलान कर दिया गया था कि आईपीएल 2025 में भी टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या ही बने रहेंगे। उन्हें मुंबई फ्रैंचाइजी ने 16.35 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। याद दिला दें कि पांड्या की कप्तानी में मुंबई पिछले सीजन टेबल में आखिरी स्थान पर रही थी, इसके बावजूद एक बार फिर उनपर विश्वास जताया गया है।

7. लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) - ऋषभ पंत

लखनऊ सुपर जायंट्स ने इस बार बहुत बड़ा खेल कर दिया है। एक तरफ उसने ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपये में खरीदा, उससे पहले निकोलस पूरन को 21 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। इस बार टीम में मिचेल मार्श, एडन मार्करम और डेविड मिलर जैसे प्लेयर हैं, जो इंटरनेशनल लेवल पर अपनी राष्ट्रीय टीम की कप्तानी कर चुके हैं। मगर कप्तानी का भार ऋषभ पंत के कंधों पर आ सकता है, जो दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी छोड़ LSG में आए हैं।

8. पंजाब किंग्स (PBKS) - श्रेयस अय्यर

श्रेयस अय्यर ने अपनी कप्तानी में KKR को आईपीएल 2024 का चैंपियन बनाया था। मेगा ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें खरीदने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन अंत में पंजाब किंग्स ने अय्यर को 26.75 करोड़ रुपये की राशि देकर खरीदा था। अय्यर की कप्तानी में पहले दिल्ली भी अच्छा कर चुकी है और अब संभव ही उन्हें पंजाब टीम की किस्मत बदलने का भार मिल सकता है। बताते चलें कि पंजाब टीम 2014 के बाद कभी प्लेऑफ में नहीं पहुंची है।

9. दिल्ली कैपिटल्स (DC) - केएल राहुल

ये कहना गलत नहीं होगा कि दिल्ली कैपिटल्स ने केएल राहुल को मजबूरी में खरीदा है। कप्तानी के लिए DC ने पहले ऋषभ पंत पर RTM कार्ड खेला, फिर श्रेयस अय्यर पर 26.50 करोड़ रुपये तक की बोली लगाई लेकिन जब बात नहीं बनी तो दिल्ली को केएल राहुल से संतोष करना पड़ा। राहुल पर 14 करोड़ रुपये की बोली लगी थी। अक्षर पटेल भी कप्तानी की रेस में शामिल हैं, लेकिन पिछले अनुभव को देखते हुए दिल्ली राहुल में विश्वास दिखा सकती है।

10. राजस्थान रॉयल्स (RR) - संजू सैमसन

संजू सैमसन साल 2022 से ही राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी कर रहे हैं। कप्तानी के दबाव के बावजूद उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन पर कोई असर नहीं पड़ा है क्योंकि जबसे उन्होंने कप्तानी संभाली है, तबसे उन्होंने 36 के औसत से 1,835 रन बनाए हैं। सैमसन को राजस्थान टीम ने 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया है और उन्हीं की कप्तानी में RR 2024 में प्लेऑफ तक पहुंची थी।

खेल जगत की छोटी बड़ी सभी खबरों पर अपडेट रहने के लिए Sports Yaari से जुड़ें। जहां आपको आईपीएल से लेकर वर्ल्ड कप तक की हर छोटी से छोटी और बड़ी से बड़ी खबरें। Sports Yaari में न सिर्फ खबरें बल्कि लाइव अपडेट, क्रिकेट वीडियो,वेब स्टोरी के साथ ही क्रिकेट न्यूज भी आपको मुफ्त में मिलेंगी।