IPL 2025 की शुरुआत में एक सप्ताह से भी कम समय बाकी रह गया है। टूर्नामेंट 22 मार्च-25 मई तक खेला जाएगा, जिसमें 74 मैच खेले जाएंगे, जिनके लिए 13 मैदानों का चयन हुआ है। विराट कोहली, शुभमन गिल और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी निरंतर बढ़िया प्रदर्शन करते आए हैं। मगर यहां हम उन 10 विकेटकीपर बल्लेबाजों के बारे में बात करेंगे, जिनपर सबकी नजरें टिकी होंगी।

IPL 2025 में इन 10 विकेटकीपरों पर रहेंगी सबकी नजरें

एमएस धोनी (CSK) - एमएस धोनी ने 2024 में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ दी थी। पिछले सीजन उनका 220 का स्ट्राइक रेट उन्हें बड़े आकर्षण का केंद्र बना रहा था। इस बार भी उनसे ऐसा ही करने की उम्मीद होगी, वहीं 43 की उम्र में भी वो बहुत तेजी से स्टंप आउट करते हैं।

ऋषभ पंत (LSG) - आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी ऋषभ पंत IPL 2025 में LSG टीम की कप्तानी करेंगे। उन्हें लखनऊ ने 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। पंत पर ना केवल कप्तानी का भार होगा बल्कि सबसे महंगा खिलाड़ी होने का भी दबाव होगा।

हेनरिक क्लासेन (SRH) - हेनरिक क्लासेन ने 2024 में तूफानी स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 479 रन बनाए थे। SRH के पास ईशान किशन भी होंगे, लेकिन उम्मीद अधिक है कि क्लासेन ही विकेटकीपिंग का भार संभाल सकते हैं। क्लासेन का चलना हैदराबाद टीम के मिडिल ऑर्डर के लिए बहुत जरूरी है।

जोश इंग्लिश (PBKS) - पंजाब किंग्स के लिए विकेटकीपिंग का भार पिछले सीजन जीतेश शर्मा संभाल रहे थे, लेकिन इस बार यह जिम्मेदारी जोश इंग्लिश को मिल सकती है। इंग्लिश ने अब तक आईपीएल में कोई मैच नहीं खेला है, ऐसे में वो अपने डेब्यू सीजन में सनसनी फैलाने का काम कर सकते हैं।

केएल राहुल (DC) - दिल्ली कैपिटल्स ने केएल राहुल को 14 करोड़ रुपये में खरीदा था। राहुल पर इस बार कप्तानी का दबाव नहीं होगा क्योंकि दिल्ली की कप्तानी अक्षर पटेल को मिल गई है। राहुल अपने IPL करियर में 5,000 रन पूरे करने से केवल 317 रन दूर हैं।

संजू सैमसन (RR) - संजू सैमसन 2021 से ही राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी कर रहे हैं, उनकी कप्तानी में राजस्थान 2 बार प्लेऑफ में पहुंची है और एक बार उपविजेता भी रही। सैमसन भारतीय टीम के लिए लगातार शतक लगा चुके हैं और उसी प्रदर्शन को IPL 2025 में दोहराने का प्रयास करेंगे।

फिल साल्ट (RCB) - पिछले सीजन फिल साल्ट ने KKR के लिए 435 रन बनाए थे, लेकिन वो इस बार RCB के लिए खेलेंगे। वो IPL 2025 में विराट कोहली के साथ ओपनिंग करते हुए दिख सकते हैं। उनका टीम में रोल इसलिए भी अहम होगा क्योंकि विराट और उनकी ओपनिंग जोड़ी RCB की नैया पार लगाने का दम रखती है।

क्विंटन डी कॉक (KKR) - क्विंटन डी कॉक 2022 और 2023 में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे, लेकिन इस बार KKR ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया है। डी कॉक अपने IPL करियर में अब तक 3,157 रन बना चुके हैं।

जोस बटलर (GT) - गुजरात जायंट्स ने IPL 2025 के लिए जोस बटलर को अपनी टीम में शामिल कर बहुत बड़ा दांव खेला है। बटलर विश्व के सबसे बेहतरीन विकेटकीपरों में से एक हैं और अब तक अपने IPL करियर में 3,582 रन बना चुके हैं।

रायन रिकेल्टन (MI) - मुंबई इंडियंस ने इस बार दक्षिण अफ्रीका के उभरते हुए सितारे रायन रिकेल्टन पर दांव खेला है। रिकेल्टन के पास टी20 क्रिकेट का खूब सारा अनुभव है और अच्छे स्ट्राइक रेट से खेलते हैं। वो IPL 2025 में रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग भी करते हुए नजर आ सकते हैं।

Read More Here:

RCB जीतेगी IPL 2025 का खिताब या MI, CSK के हाथ लगेगी ट्रॉफी? KKR के पूर्व खिलाड़ी ने की बड़ी भविष्यवाणी

पड़ोसी मुल्क का फिर उड़ा मखौल! IPL फ्रेंचाइजियों के कारण The Hundred 2025 से हुई पाकिस्तानी खिलाड़ियों की छुट्टी? जानें पूरा मामला