Ambati Rayudu on MS Dhoni: CSK फ्रैंचाइजी के साथ एमएस धोनी का नाम ना लिया जाए तो यह टीम अधूरी सी लगने लगती है। यह कहना शायद गलत नहीं कि चेन्नई सुपर किंग्स की लोकप्रियता और टीम की करोड़ों की ब्रांड वैल्यू धोनी के कारण ही सातवें आसमान पर पहुंची है। सीएसके जाहिर तौर पर फैंस की सबसे पसंदीदा टीमों में से एक है, लेकिन अब अंबाती रायडू के विचार आपको चौंका सकते हैं। उनका मानना है कि धोनी का बढ़ता प्रभाव चेन्नई सुपर किंग्स टीम के लिए अच्छा नहीं है।
CSK के फैंस पर उठाए सवाल
अंबाती रायडू खुद चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल चुके हैं। उनका मानना है कि चेन्नई के लोग खुद को पहले धोनी का समर्थक मानते हैं ना कि CSK टीम का। रायुडू कहते हैं कि धोनी का बढ़ता प्रभाव चेन्नई सुपर किंग्स टीम के लिए अच्छा नहीं है और ना ही यह क्रिकेट के खेल के लिए अच्छा है।
अंबाती रायडू ने कहा, "यह बहुत अजीब है, मुझे नहीं लगता कि यह क्रिकेट के खेल के लिए अच्छा है। अगर आप टीम में नए हैं तो यह आपके लिए बुरा हो सकता है। MS Dhoni को मिलने वाला सपोर्ट बहुत शानदार रहा है, लेकिन जैसे-जैसे आप टीम में पुराने होते जाते हैं तो आपको महसूस होता है कि लोग CSK के फैंस होने से पहले धोनी के समर्थक हैं।"
MS Dhoni लेते रहे हैं फैसले
अंबाती रायडू ने ईएसपीएन क्रिकइन्फो से बात करते हुए आगे कहा, "MS Dhoni को किसी कारण से ही थाला कहा गया है और वो लंबे समय से CSK टीम में फैसले लेते रहे हैं। आज हम ऐसे दौर में आ गए हैं जहां लोग CSK के प्रति योगदान के लिए भी धोनी को बहुत पसंद करते हैं।" आपको याद दिला दें कि जब IPL 2025 मेगा ऑक्शन हुआ तब खबर सामने आई थी कि वीडियो कॉल के माध्यम से एमएस धोनी भी CSK की टेबल पर मौजूद थे।
धोनी के कारण फैंस में फैली नकारात्मकता
2018-2023 तक चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेले अंबाती रायुडू ने आगे कहा कि एमएस धोनी के कारण CSK के फैंस में भी नाकारात्मकता फैली है। ऐसा इसलिए क्योंकि चेन्नई टीम के फैंस अपने ही बल्लेबाजों के आउट होने की कामना करते रहते हैं, जिससे वो एमएस धोनी को बैटिंग करते देख पाएं। रायुडू ने कहा कि सब धोनी को पसंद करते हैं, सब उन्हें बैटिंग करते देखना चाहते हैं लेकिन फैंस के अंदर अपनी ही टीम के प्रति नकारात्मक भावना कतई सही नहीं है।
Read More Here: