Table of Contents
एक समय भारतीय क्रिकेट का चमकता सितारा माने जाने वाले पृथ्वी शॉ को सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग का उत्तराधिकारी कहा जाता था। लेकिन समय के साथ हालात बदल चुके हैं। न सिर्फ टीम इंडिया, बल्कि आईपीएल से भी वह बाहर हो चुके हैं। पृथ्वी अब तक भारत के लिए केवल 5 टेस्ट, 6 वनडे और 1 टी20 मैच खेल पाए हैं। उनकी स्थिति इतनी खराब हो गई है कि मुंबई की घरेलू टीमों में भी उन्हें जगह नहीं मिल रही। उन्हें विजय हजारे ट्रॉफी और रणजी ट्रॉफी स्क्वाड से भी बाहर रखा गया।
भविष्य में बेहतरीन ओपनर बन सकते हैं पृथ्वी शॉ
पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाड़ी शशांक सिंह, जो मुंबई के लिए शॉ के साथ खेल चुके हैं, ने उनके संघर्ष पर विस्तार से बात की। उन्होंने पृथ्वी शॉ को उन संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट में रखा, जो भविष्य में भारत के बेहतरीन ओपनर बन सकते हैं। इस सूची में शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल जैसे नाम भी शामिल हैं।
शशांक की सलाह – जीवनशैली में करें बदलाव
शशांक ने शुभंकर मिश्रा के पॉडकास्ट में पृथ्वी शॉ की क्षमता पर जोर देते हुए कहा, "पृथ्वी को कम आंका गया है। अगर वह अपनी बुनियादी बातों पर ध्यान दे, तो कुछ भी हासिल कर सकता है। मैं उसे 13 साल की उम्र से जानता हूं, जब हम मुंबई में क्लब क्रिकेट खेलते थे। अगर आप मुझसे पूछें कि उसकी समस्या क्या है, तो शायद उसका नजरिया कुछ अलग है।"
उन्होंने आगे कहा, "हो सकता है कि उसे अपने काम करने के तरीकों में थोड़ा बदलाव करने की जरूरत हो – जैसे रात 11 बजे के बजाय 10 बजे सोना, डाइट में सुधार करना। अगर वह इन छोटी-छोटी चीजों को बदल सकता है, तो यह भारतीय क्रिकेट के लिए फायदेमंद होगा।" हालांकि, शशांक का मानना है कि शॉ के आसपास पहले से ही ऐसे लोग मौजूद हैं, जो उन्हें बेहतरीन सलाह दे सकते हैं।
आईपीएल 2025 में नहीं मिली कोई टीम
शशांक ने यह भी कहा, "शायद वह पहले से ही बदलाव कर रहे हैं और उन्हें मेरी सलाह की जरूरत नहीं है। उनके पास पहले से ही कई लोग होंगे जो उन्हें गाइड कर रहे हैं।" हाल ही में पृथ्वी शॉ ने डीवाई पाटिल टी20 2025 टूर्नामेंट में 'रूट मोबाइल' टीम की कप्तानी की थी। उन्होंने आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में अपना बेस प्राइस 75 लाख रुपये रखा था, लेकिन किसी भी फ्रेंचाइजी ने उन पर बोली नहीं लगाई।
खेल जगत की छोटी बड़ी सभी खबरों पर अपडेट रहने के लिए Sports Yaari से जुड़ें। जहां आपको आईपीएल से लेकर वर्ल्ड कप तक की हर छोटी से छोटी और बड़ी से बड़ी खबरें। Sports Yaari में न सिर्फ खबरें बल्कि लाइव अपडेट, क्रिकेट वीडियो,वेब स्टोरी के साथ ही क्रिकेट न्यूज भी आपको मुफ्त में मिलेंगी।